चिकित्सा शिक्षा मंत्री से तीन बैठकों के बाद जूडा हड़ताल खत्म

भोपाल
मध्यप्रदेश के जूनियर डॉक्टर्स की हड़ताल आठवें दिन समाप्त हो गई। जूडा का प्रतिनिधिमंडल चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग से मिलने आज सुबह फिर पहुंचा। कल शाम 4 बजे से आज सुबह तक तीन बार मंत्री और जूडा के बीच बातचीत हुई। भोपाल में हड़ताल के समाप्त होने से पहले रीवा और ग्वालियर में जूडा हड़ताल समाप्त हुई। इसके बाद मंत्री सारंग से बात करने के बाद प्रदेश के बाकी सभी शहरों में जूडा ने एक साथ हड़ताल को समाप्त किया।

राज्य में 8 दिन से चल रही जूनियर डॉक्टर की हड़ताल खत्म हो गई है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास और जूडा के बीच रविवार शाम 4 बजे से आज सुबह तक तीन बार बैठक हुई। हड़ताल खत्म होने के बाद  जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉक्टर अरविंद मीणा ने बताया कि 17 प्रतिशत स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग सहित सभी मांगों को मान लिया है।  गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने जूडा को हड़ताल खत्म करने के आदेश दिए थे। इस संबंध में आज हाईकोर्ट में उनकी पेशी रखी गई है।

हाईकोर्ट में वे अपना पक्ष रख पाते। उसके पहले सरकार ने उनकी मांगों को पूरा करते हुए हड़ताल खत्म करा दी है। अब हाईकोर्ट अपनी तरफ से आगामी कार्रवाई तय करेगा। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि डॉक्टर हड़ताल समाप्त कर के ही आज उनके पास आए थे। सरकार उनकी मांगों पर पहले ही सहमति दे चुकी थी।   

मंत्री सारंग ने जूनियर डॉक्टर को भरोसा दिलाया है कि उनके साथ नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। जूडा एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद मीणा ने कहा कि सरकार की ओर से मांगें पूरी होने का आश्वासन मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *