घुटने की चोट के कारण ओलंपिक हटी कैरोलिना मारिन

नई दिल्ली
 गत चैंपियन कैरोलिना मारिन बायें घुटने में चोट के कारण मंगलवार को टोक्यो ओलंपिक से हट गईं। इस स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी को चोट से उबरने के लिए सर्जरी करानी पड़ेगी। स्पेन की इस 27 वर्षीय खिलाड़ी ने शनिवार को ट्रेनिंग के दौरान घुटने में दर्द महसूस किया और परीक्षण में चोट का पता चला।

मारिन ने ट्विटर पर लिखा, 'सप्ताहांत परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श के बाद मैं पुष्टि कर सकती हूं कि मेरे बायें घुटने में चोट है। इस हफ्ते मेरी सर्जरी होगी और फिर मैं रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरूंगी। एक और झटका है जिसका सामना मुझे करना पड़ रहा है। पिछले दो महीने से तैयारी काफी मुश्किल रही और मैं टीम के नियंत्रण में नहीं थी, लेकिन रोमांचित थी और पता था कि मैं ओलंपिक के दौरान सर्वश्रेष्ठ स्थिति में रहूंगी, मगर अब ऐसा संभव नहीं होगा।'

तीन बार की विश्व चैंपियन मारिन को जनवरी 2019 में दायें घुटने में चोट लगी थी, जिसके कारण वह उस साल सितंबर तक कोर्ट से दूर रही थीं। मारिन ने 2016 रियो ओलंपिक के फाइनल में भारत की पीवी सिंधू को हराकर खिताब जीता था। टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *