मई ने मार डाला: सबसे ज्यादा डेथ रेट

 नई दिल्ली 
कोरोना वायरस का कहर भले ही अब कम होता जा रहा है, मगर मई के महीने ने दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों में सितम ढा दिया। मई महीने में कोरोना से हुईं मौतों ने दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड की ऐसी चिंता बढ़ाई कि यहां देश में सबसे ज्यादा डेथ रेट देखे गए। दिल्ली में मई में कोविड मृत्यु दर (सीएफआर) 2.9% दर्ज की गई, जो देश के बड़े राज्यों में सबसे अधिक है और महीने के दौरान राष्ट्रीय औसत से दोगुने से अधिक (1.3%) है।

इसके अलावा, दो अन्य राज्यों पंजाब (2.8%) और उत्तराखंड (2.7%) ने राष्ट्रीय औसत से दोगुने से अधिक मौतें दर्ज कीं। इस तरह से मई महामारी का सबसे घातक महीना साबित हुआ है। इस दौरान यानी सिर्फ एक महीने में देश में 1 लाख 19 हजार 183 लोगों ने जान गंवाई है। कोरोना का प्रकोप शुरू होने के बाद से यह किसी भी देश द्वारा रिपोर्ट किया गया सबसे अधिक एक महीने में मौत का आंकड़ा है।

 राजधानी दिल्ली में सिर्फ मई में 8,090 लोगों की मौतें हुईं और करीब 2.8 लाख कोरोना केस सामने आए। इस तरह से दिल्ली में मई में कोविड-19 मृत्यु दर (सीएफआर) 2.92% दर्ज की गई। मई में केवल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (4.2%) और नागालैंड (3.4%) में मृत्यु दर अधिक थी। वहीं, महाराष्ट्र में यह आंकड़ा मई में 2.3 फीसदी रहा, जबकि देश में कोविड-19 से मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत हो गई है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *