महिला टीम को पुरुष टीम के अनुभव का मिलेगा लाभ -मिताली राज

मुंबई
 भारत की महिला और पुरुष टीम आज इंग्लैंड के मुश्किल दौरे के लिए रवाना। महिला वनडे टीम की कप्तान मिताली राज ने कहा कि भारतीय पुरुष टीम के साथ यात्रा करने से अनुभवहीन महिला टीम के खिलाडि़यों को फायदा मिलेगा। इंग्लैंड के खिलाफ 16 जून से शुरू होने वाले इकलौते टेस्ट मैच से पहले इस फॉर्मेट की चुनौतियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा।

महिला क्रिकेट टीम मुंबई में क्वारंटाइन पर है और आज पुरुष टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर रवाना होगी। टीम का एक महीने का यह दौरा टेस्ट मैच के साथ शुरू होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या यह अपने विचारों को साझा करने का मौका होगा, तो मिताली ने कहा, 'हां, मुझे यकीन है कि लड़कियां जब भी उन से मिलती होंगी तो बातचीत करती होंगी। उनके साथ रहना अच्छा है क्योंकि उन्होंने इंग्लैंड में बहुत खेला है।'

मिताली ने इंग्लैंड रवाना होने से पहले यहां आयोजित किए गए ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'आप उनसे (पुरुष खिलाड़ी) सवाल पूछ सकते हैं और वे मदद कर सकते हैं क्योंकि ज्यादातर लड़कियां पहली बार इस प्रारूप में खेल रही हैं। ऐसे में अगर वे उनसे बात करें और अपने दौरे से जुड़ा अनुभव हासिल करें तो यह वास्तव में उनकी मदद कर सकता है।'

भारतीय टीम के लिए सात साल के बाद यह पहला टेस्ट मैच होगा। ब्रिस्टल में टेस्ट मैच के बाद टीम को दो टी-20 मैचों और तीन मैचों की वनडे सीरीज में भाग लेना है। मिताली ने कहा, 'मुझे लगता है कि टेस्ट खेलना बहुत अच्छा है, चाहे वह घर पर हो या बाहर। अगर यह जारी रहता है तो बढि़या है, क्योंकि इससे खिलाडि़यों को मदद मिलती है। कभी-कभी बिना किसी दबाव के मैदान में जाकर खेलना और परिस्थितियों का लुत्फ लेना अच्छा होता है।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *