रंजिश में घर से बुलाकर सगे भाइयों को चौराहे पर मारी गोली 

गोरखपुर 
चुनावी रंजिश में घर से बुलाकर सोमवार की रात मनबढ़ों ने दो सगे भाइयों को बेलघाट चौराहे पर गोली मार दी। दोनों भाइयों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से जिला अस्पताल ले जाया गया है इसमें एक भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

बेलघाट कस्बे के बेलदारी टोला निवासी संजय बेलदार (32) और उनका छोटा भाई टिंकू का कुछ लोगों से चुनावी रंजिश है। बताया जा रहा है कि संजय भी बीडीसी का चुनाव लड़ रहे थे और उनके खिलाफ जो लोग चुनाव मैदान में थे वह उनसे रंजिश रखने लगे थे। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश में चुनाव में विरोध कर रहे लोगों ने सोमवार की रात में संजय को घर से बुलाया।

कई लोगों को देखकर छोटा भाई टिंकू भी बाहर आ गया। दोनों को बदमाशों ने बातचीत के दौरान ही गोली मार दी जिससे वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। गोली की आवाज पर आए लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम को भी संजय कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *