बिना स्लॉट बुक कराए सिर्फ आधार कार्ड से छतरपुर में भी कराया जाए कोविड टीकाकरण: विधायक

छतरपुर
अनलॉक होते ही कोरोना महामारी का खतरा एक बार फिर आम जनता को परेशान कर सकता है इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण कराया जाना चाहिए। छतरपुर जिला मुख्यालय को छोड़कर शेष जिले में 18 साल से अधिक आयु के लोगों को बिना स्लॉट बुक कराए सिर्फ आधार कार्ड से टीका लगवाने की सुविधा दी गई है लेकिन छतरपुर में ऐसे लोगों के स्लॉट बुक कराने पड़ रहे हैं। स्लॉट बुक कराने की प्रक्रिया बेहद जटिल होने के कारण  चाहकर भी कई 18 साल से अधिक के लोग टीका नहीं लगवा पा रहे हैं। अत: छतरपुर में भी 18 साल से अधिक आयु के लोगों को सिर्फ आधार कार्ड से पंजीयन करते हुए टीका लगवाया जाए।

यह मांग छतरपुर विधानसभा के कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया ने जिला प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए और ज्यादा से ज्यादा आबादी को टीके का सुरक्षा चक्र प्रदान करने के लिए हमें टीकाकरण को आसान बनाना चाहिए। उन्होंने आम जनता से भी पात्रता अनुसार ज्यादा से ज्यादा संख्या में टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है और  वायरस से हमारी रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है इसलिए हम सभी को टीके लगवाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *