प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सात वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री चौहान ने शुभकामनाएँ दीं

 भोपाल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के सात वर्ष पूरे होने पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध, संपन्न तथा सशक्त भारत के निर्माण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के सात वर्ष मील का पत्थर साबित होंगे। मोदी भारत की जनता के हृदय के हार हैं। उन्होंने विकास को नई गति एवं दिशा दी है तथा हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएँ प्रारंभ कर उनके जीवन को बेहतर बनाया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 'कोरोना संक्रमण के संकट में मैंने मुख्यमंत्री के नाते सदैव मोदी का मार्ग दर्शन पाया है। जब भी कोई समस्या आई मोदी ने तुरंत उसका समाधान किया है।'

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मोदी दृढ़ इच्छाशक्ति वाले संवेदनशील नेता हैं तथा उनके दिल-दिमाग में चौबीस घंटे देश की समृद्धि, प्रगति, विकास तथा जनता के कल्याण की भावना रहती है। देश एवं जनता के कल्याण के लिए उनके दिल में जूनून तथा जज्बा है। ' मैं उनके देश-प्रेम तथा जनकल्याण के जज्बे को प्रणाम करता हूँ।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *