BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा- मोदी वैक्सीन बोल विपक्ष ने उठाए सवाल 

 नई दिल्ली 
मोदी सरकार के सात साल पूरे होने के अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने वैक्सीन के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि उन्होंने ही टीके को मोदी वैक्सीन बताया था और अब इसके लिए चिल्ला रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर डिजिटल माध्यमों से कार्यक्रम करने का आरोप लगाया।  बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ''विपक्ष ने मोदी वैक्सीन बताते हुए सवाल उठाए और सरकार का मनोबल तोड़ने की कोशिश की। लेकिन अब वे वैक्सीन के लिए चिल्ला रहे हैं।'' 

उन्होंने आगे कहा कि दो कंपनियों से अब तक 13 कंपनियों को कोरोना रोधी वैक्सीन बनाने की अनुमति दी जा चुकी है। जल्द ही 19 कंपनियां ऐसा करेंगी। महीने में 1.3 करोड़ वैक्सीन बनाने वाली भारत बायोटेक अक्टूबर तक 10 करोड़ वैक्सीन हर महीने बनाना शुरू कर देगी। मालूम हो कि भारत बायोटेक कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में देसी वैक्सीन कोवैक्सिन का निर्माण कर रही है। नड्डा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, ''बीजेपी कार्यकर्ता कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच राहत कार्य कर रहे हैं, जबकि विपक्षी दल पृथक-वास में चले गए हैं। सभी बीजेपी सांसद, मंत्री और विधायक सरकार के सात साल पूरे होने के अवसर पर कम से कम दो गांवों में लोगों की सेवा करेंगे।''

नड्डा ने एनडीए सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता कोविड-19 के दौरान लोगों के साथ खड़े हैं, जबकि विपक्षी नेता केवल डिजिटल संवाददाता सम्मेलनों में नजर आते हैं। वहीं, नड्डा ने यह भी दावा किया कि पिछले सात साल के दौरान ना सिर्फ देश का आत्मविश्वास जागा बल्कि गांव के गरीबों ओर वंचितों को पहली बार एहसास हुआ कि केंद्र में उनकी अपनी सरकार है। नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दीं ओर कहा कि बीजेपी आज के दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाएगी और इस दौरान उसके कार्यकर्ता एक लाख गांवों में सेवा कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *