46 दिनों बाद एक दिन में हुई 100 से कम मौत, आज मिले 946 नए मामले
नई दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस की रफ्तार कमजोर होती जा रही है। राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान एक हजार से कम मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 78 लोगों की मौत हुई है। 46 दिन बाद (13 अप्रैल) दिल्ली में मौत की संख्या 100 से कम दर्ज की गई है। वहीं पॉजिटिविटी रेट घटकर 1.25 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 946 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इस दौरान 1,803 लोग वायरस को मात देकर अस्पताल से घर लौटे हैं। वहीं 78 लोगों की मौत हो गई है। इस तरह दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 14,25,592 हो गई है। जबकि 12,100 सक्रिय मामले हैं। दिल्ली में कोरोना के घटते आंकड़े राहत की तस्वीर दिखा रहे हैं। हालांकि कोरोना के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। कोरोना संक्रमण दर घटकर 1.25 प्रतिशत पर आ गई है। यह 21 मार्च के बाद दर्ज की गई सबसे कम दर है। 21 मार्च को दिल्ली में संक्रमण दर 1.03 प्रतिशत थी। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में 75,440 सैंपल की कोरोना जांच की गई है। दिल्ली में 5,871 लोग होम आइसोलेशन में हैं। 53,918 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई है। अबतक 53,43,766 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या 20,241 है।
दिल्ली में सात जून तक बढ़ा कोरोना कर्फ्यू
दिल्ली में सात जून की सुबह पांच बजे तक के लिए कोरोना कर्फ्यू को बढ़ा दिया गया है। पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी। हालांकि निर्माण और निर्माण उद्योग को संचालित करने की अनुमति है। इसकी जानकारी दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को दी।
