मकान खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर, किस्त होगी ब्याज मुक्त
लखनऊ
एलडीए तथा आवास विकास परिषद से मकान खरीदने वालों को ब्याज में छूट देने की तैयारी है। लॉकडाउन अवधि की ब्याज में छूट होगी। इसको लेकर शासन में मंथन शुरू हुआ है। करीब तीन महीने की किस्तों पर ब्याज में छूट देने की तैयारी है। कोरोना संक्रमण की वजह से एलडीए, आवास विकास परिषद सहित प्रदेश के अन्य प्राधिकरणों से मकान, दुकान खरीदने वाले हजारों लोग इनकी किस्त समय पर नहीं जमा कर पाए हैं। कुछ लोग कोरोना बीमारी से पीड़ित हुए तो कुछ लाक डाउन की वजह से घरों से नहीं निकल पाए। समय पर मकान की किस्त न जमा करने पर आवास विकास परिषद तथा एलडीए आवंटियों से अतिरिक्त ब्याज वसूलता है। एक भी दिन किस्त लेट होने पर ब्याज देना पड़ता है। सरकार अब इसमें लोगों को राहत देने जा रही है। इसको लेकर आवास विभाग में मंथन शुरू हो गया है। शासन के एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में बातचीत हुई है। जल्दी ही आदेश जारी हो सकता है। लोगों को तीन महीने तक की छूट मिल सकती है।
कोरोना तथा लॉकडाउन अवधि को जीरो पीरियड किया जाएगा। जीरो पीरियड करने से तीन महीने की किस्त पर लगने वाली ब्याज खत्म हो जाएगी। ब्याज में छूट मिलने से लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में मकान खरीदने वाले करीब दो लाख आवंटियों को इसका फायदा मिलेगा। व्यावसायिक संपत्तियां खरीदने वालों को भी इसका लाभ मिलेगा।
