केंद्र सरकार प्राइवेट अस्पतालों के होटलों के साथ मिलकर वैक्सीनेशन पैकेज देने पर सख्त
नई दिल्ली
कुछ प्राइवेट अस्पतालों द्वारा होटलों के साथ मिलकर कोरोना वैक्सीन के लिए पैकेज देने के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने सख्ती दिखाई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर कहा है कि भी प्राइवेट हॉस्पिटल बड़े होटलों के साथ मिलकर वैक्सीनेशन पैकेद दे रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि यह वैक्सीनेशन गाइडलाइन के खिलाफ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के लिए जारी दिशा-निर्देशों के खिलाफ है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ये पत्र केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ मनोहर अगनानी ने लिखा है।
पत्र में लिखा गया है, "केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि कुछ निजी अस्पताल कुछ होटलों के सहयोग से कोविड टीकाकरण के लिए पैकेज दे रहे हैं। यह राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के लिए जारी दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। स्टार होटलों में किया गया टीकाकरण इसके विपरीत है, इसे फौरन रोका जाना चाहिए। ऐसे संस्थानों (अस्पतालों और होटलों) के खिलाफ आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए।''
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया फेक दावे का सच कोरोना वैक्सीनेशन गाइडलाइन के अनुसार, टीकाकरण अभियान चलाने के लिए चार विकल्प उपलब्ध हैं, पहला- सरकारी कोविड वैक्सीन सेंटर, दूसरा- प्राइवेट अस्पतालों द्वारा संचालित निजी कोविड टीकाकरण केंद्र, तीसरा- सरकारी अस्पतालों द्वारा चलाए जाने वाले सरकारी कार्यालयों में और निजी अस्पतालों द्वारा चलाई जाने वाली निजी कंपनियों में वैक्सीन सेंटर, चौथा- बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए उनके घरों के पास वैक्सीन सेंटर बनाना, जो आरडब्ल्यूए कार्यालयों, सामुदायिक केंद्रों, पंचायत भवनों, स्कूलों / कॉलेजों, वृद्धाश्रमों में अस्थायी तौर पर बनाए जा सकते हैं।
इसके अलावा वैक्सीनेशन गाइडलाइन के तहत टीकाकरण अभियान चलाने के लिए और कोई रास्ता नहीं है। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार टीकाकरण अभियान कहीं भी ना चलाया जाए। स्टार होटलों द्वारा निजी अस्पतालों के सहयोग से दिए जाने वाले टीकाकरण पैकेज को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट चल रहे थे।
