अलीगढ़ में जहरीली शराब का कहर जारी, 10 और मौतें

 अलीगढ़ 
जहरीली शराब का कहर अलीगढ़ में बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह से ही एक बार फिर से गांवों में मौतों का ग्राफ बढ़ना शुरू हो गया। जिले में अलग-अलग जगह 10 मौतें अब तक और हो चुकी हैं। पीड़ित परिजनों का कहना है कि जहरीली शराब पीने से मौत हुई है, वहीं प्रशासन को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। थाना खैर, लोधा और जवां क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शुक्रवार देर रात तक 23 की मौत जहरीली शराब के सेवन से हो गई थी। एक दर्जन से ज्यादा की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका इलाज जेएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों में चल रहा है। शनिवार सुबह थाना पिसावा के गांव शादीपुर में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर तीनों ने भी दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही तहसीलदार खैर मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार के अनुसार पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। दूसरी तरफ खैर थानाक्षेत्र के गांव करसुआ में गैस कैप्सूल ट्रक में एक ड्राइ‌वर का शव मिला। शुक्रवार को इसी क्षेत्र में गैस बॉटलिंग प्लांट के चार ड्राइवरों की मौत जहरीली शराब के सेवन से हुई थी। गांव में पांच और मौत होना बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *