एसआई निलंबित,तहसीलदार और बीएमओ के खिलाफ जांच के आदेश
सारंगढ़। सारंगढ़ थाना प्रभारी एसआई कमल किशोर पटेल को निलंबित कर दिया गया है। एसआई पर डॉक्टर को डरा धमकाकर तीन लाख वसूलने का आरोप है। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत के बाद एसपी संतोष सिंह ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान एसआई रायगढ़ मुख्यालय रक्षित केंद्र में तैनात रहेंगे।
दरअसल मामले का ब्यौरा यह है कि सारंगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम हिर्री स्थित वारे क्लीनिक में 7 मई को सारंगढ़ थाना प्रभारी कमल किशोर पटेल, सारंगढ़ तहसीलदार सुनील अग्रवाल और बीएमओ डॉ आरएल सिदार निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान तहसीलदार ने डॉ वारे से क्लीनिक में अनियमितता के नाम पर कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही कार्रवाई नहीं करने के नाम पर पांच लाख की मांग भी की थी, जिसके बाद डॉक्टर वारे ने तीन लाख रूपए तहसीलदार को रिश्वत के तौर पर देकर मामले को रफा-दफा करवाया। इस दौरान रूपए लेते हुये क्लीनिक में लगे सीसीटीवी में तहसीलदार, बीएमओ और थाना प्रभारी कैद हो गये थे।
सीसीटीवी फुटेज क आधार पर डॉ वारे ने इसकी शिकायत एसपी संतोष कुमार सिंह से की थी। शिकायत के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुये डीएसपी गरिमा द्विवेदी को जांच के आदेश दिये गए थे। जांच को सहीं पाये जाने के बाद एसपी ने एसआई कमल किशोर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में कलेक्टर ने भी तहसीलदार और बीएमओ के खिलाफ जांच के आदेश दिये है। फिलहाल दोनों अधिकारी के खिलाफ जांच चल रही है। जांच के बाद दोनों के खिलाफ उचित कार्रवाई भी की जाएगी।
