कोरोना संक्रमण को रोकने के लिये संयमित एवं अनुशासनिक रहना जरूरी
भोपाल
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि कोरोना महामारी/संक्रमण को रोकने के लिये संयमित एवं अनुशासनिक रहना जरूरी है। इसके लिये समाज के लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। सारंग ने आज मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में कोरोना नियंत्रण संबंधी बैठक की।
सारंग ने कहा कि भोपाल को कोरोना मुक्त करना है, तो मेरी विधानसभा, मेरा वार्ड, मेरी कॉलोनी, मेरा मोहल्ला कोरोना मुक्त अभियान पर चलना होगा। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन वाले पॉजिटिव मरीज घर में ही रहें, इस बात पर ध्यान देना होगा। इससे ही संक्रमण को रोका जा सकता है, अन्यथा क्षेत्र पुन: कंटेनमेंट एरिया में बदल जायेगा। होम आइसोलेशन वालों का फिजिकल वेरिफिकेशन जरूरी है। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि पॉजिटिव आये मरीजों को तत्काल इलाज मुहैया कराया जा सके।
सारंग ने कहा कि जोनवार क्राइसिस मैनेजमेंट समूह की बैठक हो। कोरोना कर्फ्यू खुलने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क की अनिवार्यता जरूरी है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करना होगा। टीकाकरण के लिये भी लोगों को जागरूक करना होगा दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करना होगा।
बैठक में विधायक श्रीमती कृष्णा गौर वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं। कलेक्टर अविनाश लवानिया और एसडीएम मनोज कुमार वर्मा बैठक में मौजूद थे।
