समर्थन मूल्य पर 125 लाख टन गेहूं की हुई खरीदी, 4 दिन शेष
भोपाल। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर अब तक 124 लाख 67 हजार 968 मैट्रिक टन गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी हो चुकी है। चक्रवाती तूफान की आशंका के चलते रीवा, शहडोल और जबलपुर संभागों में 27 और 28 मई को समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी नहीं हो रही है। इन स्थानों पर 30 और 31 को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी होगी। मध्यप्रदेश में इस बार समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए कुल 4 हजार 663 उपार्जन केंद्र बनाए गए थे। कुल 24 लाख 72 हजार 430 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराया था। इसमें से अभी तक 16लाख 65 हजार 75 किसान गेहूं बेच चुके हैं। इन किसानों से 24 हजार 624 करोड रुपए का गेहूं खरीदा गया है। अभी भी 4 हजार करोड़ से अधिक रुपए का भुगतान होना बाकी है। इस बार असमय हुई वर्षा के कारण भोपाल, नर्मदा पुरम, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग में उपार्जन कार्य प्रभावित हुआ था इसके चलते राज्य सरकार ने यहां पर समर्थन मूल्य पर हो रहे गेहूं खरीदी 28 मई तक बढ़ा दी है। इस बीच मौसम विभाग द्वारा चक्रवाती तूफान की आशंका व्यक्त किए जाने के बाद रीवा, शहडोल और जबलपुर संभागों में 27 और 28 मई को होने वाली खरीदी फिलहाल स्थगित कर दी गई है। इसके स्थान पर अब 30 और 31 मई को इन तीनों संभागों में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाएगी।
