एक जून से किए जाने वाले अनलाक में शापिंग माल और टाकीज रहेंगे बंद
भोपाल। कोरोना कर्फ्यू अनलाक को लेकर हुई मंत्री समूह की बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि एक जून से किए जाने वाले अनलाक में सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत तक की जाए और दफ्तरों के काम में तेजी लाई जाए। भीड़ वाले राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रम प्रतिबंधित रखे जाएंगे। एक समय में मंदिर में पुजारी के अतिरिक्त दो अन्य श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। शापिंग माल और टाकीज बंद रहेंगे। गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्री समूह ने तय किया है कि निर्माण कार्य और सर्विस प्रोवाइडर संबंधी गतिविधियां चालू की जा सकती हैं। हवाई यात्रा शुरू रहेंगी। पंजीयन और एग्रीकल्चर कार्यालय खुलेंगे। साथ ही विवाह समारोह में वर व वधू पक्ष से 20-20 लोग मौजूद रह सकेंगे। अंतिम संस्कार और मृत्यु भोज में 20-20 लोगों के आने जाने की परमिशन रहेगी। राज्यों की सीमा पर अभी सख्ती रहेगी लेकिन आर्थिक गतिविधियां जारी रहेंगी।
