परिवार को बंधक बना एक करोड़ की डकैती
गाजियाबाद
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में बुधवार दोपहर बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुसकर करीब एक करोड़ रुपये की डकैती को अंजाम दिया। घर में घुसते ही नकाबपोश बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी व चार बच्चों को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर एसएसपी व एसपी देहात ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया।
मूलरूप से ट्रॉनिका सिटी थाने के पाबी सादकपुर गांव निवासी छोटे खां का ट्रॉनिका सिटी की अंसल ईस्ट एंड कॉलोनी में तीन मंजिला मकान है। जबकि पास की खुशहाल पार्क कॉलोनी में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का ऑफिस है। मकान की प्रथम मंजिल उनके भाई मईनुददीन की है तथा तीसरी मंजिल पर ट्रॉनिका सिटी में हाइड्रोलिक पाइप बनाने की फैक्टरी चलाने वाले साजिद अपनी पत्नी व बच्चों के साथ किराए पर रहते हैं। छोटे खां ने बताया कि बुधवार को वह अपने ऑफिस में थे। दोपहर करीब 12 बजे किराएदार साजिद की पत्नी व बच्चे भी रिश्तेदारों के घर शामली चले गए। जबकि उनके भाई मईनुददीन का परिवार पाबी गांव में ही रहता है। दोपहर को घर में उनकी पत्नी शबाना, भतीजा शाहरुख, बेटा यश व सुभान, बेटी गुड़िया व इलवा थी।
