मई महीने में कुल संक्रमितों में से 26 फीसदी युवा

नई दिल्ली

कोरोना की दूसरी लहर युवाओं के लिए सबसे ज्यादा घातक साबित हुई है और इसकी गवाही अब सरकारी आंकड़े भी दे रहे हैं। एक मई से अब तक देश में कोरोना से जितने भी लोग संक्रमित हुए हैं उनमें से 26 फीसदी मरीजों की उम्र महज 18 से 30 साल के बीच है।

सरकार की ओर से जारी डेटा के मुताबिक, 1 मई से 7 मई के बीच कुल संक्रमितों में से 26.58 फीसदी मरीज 18 से 30 साल की उम्र के थे। आठ मई से 14 मई के बीच यह आंकड़ा 25.89 फीसदी था। इसके बाद 15 से 21 मई के बीच 25.64 फीसदी संक्रमित 18 से 30 साल की उम्र के थे और 22 से 25 मई यानी अगले तीन दिन भी कुल संक्रमितों में 25.60 प्रतिशत हिस्सेदारी इसी आयुवर्ग की थी।

इसके बाद 31 से 40 साल के आयुवर्ग के लोग सबसे ज्यादा संक्रमित हुए हैं। एक से 7 मई के बीच इस आयुवर्ग के 23.12 प्रतिशत, 8 से 14 मई के बीच 22.79 प्रतिशत और 15 से 21 मई के बीच 22.58 फीसदी लोग संक्रमित हुए। इसके अगले तीन दिन यानी 22 से 24 मई के बीच यह आंकड़ा 22.24 प्रतिशत था।

माना जा रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए सबसे खतरनाक होगी। इस अवधि में कोरोना वायरस ने 10 प्रतिशत से कम बच्चों और किशोरों संक्रमित किया है। 1 से 7 मई के बीच कुल मामलों में 7.82 फीसदी केस इस आयुवर्ग के था। बीते तीन दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 8.73 फीसदी हो गया है।

भारत में कोरोना की दूसरी लहर मंद जरूर पड़ी है लेकिन मौतों का आंकड़ा लगातार 4 हजार पार पहुंच रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में बुधवार को बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 208,886 नए केस सामने आए हैं, वहीं इसी दौरान करीब 4172 लोगों ने जान गंवाई है। मंगलवार को यही आंकड़ा 3,498 था। वहीं, नए केस भी दो लाख से नीचे 195,815 सामने आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *