सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- कोविड लक्षण वाले हर व्यक्ति तक पहुंचे मेडिसिन किट

 गोरखपुर।  
कोरोना के लक्षण वाले हर व्यक्ति को निगरानी समितियों के माध्यम से मेडिसिन किट उपलब्ध कराई जाए। शासन द्वारा हर जिले को पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध करायी गयी है। मेडिसिन किट जिन्हें उपलब्ध कराई जाए, उसका सत्यापन भी अवश्य हो। न्याय पंचायत स्तर पर सेक्टर अधिकारियों की तैनाती करते हुए उसकी सूची जन प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। कुशीनगर, देवरिया व महराजगंज जिलों में मेडिसिन किट के वितरण में और तेजी लाने की आवश्यकता है।

यह निर्देश सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। वह मंगलवार शाम को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बैठक कर कोविड प्रबंधन व इंसेफेलाइटिस नियंत्रण को लेकर गोरखपुर मंडल का चारों जिलों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में गोरखपुर के अधिकारी मौजूद रहे। जबकि कुशीनगर, देवरिया व महराजगंज के अधिकारी वर्चुअल जुड़े। कोविड नियंत्रण को लेकर हर पहलू की मुख्यमंत्री ने गहन समीक्षा की।

सीएम योगी ने कहा कि कोविड मरीज को जितना जल्दी सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी उसके बेहतर परिणाम परिलक्षित होंगे। हर एक व्यक्ति का जीवन महत्वपूर्ण है और उसकी रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस की 75 प्रतिशत सेवाएं कोविड कार्यों में लगाई जाय। सीएम ने डोर टू डोर सर्वे करके हर लक्षणयुक्त व्यक्ति को मेडिसिन किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मण्डल इंसेफलाइटिस प्रभावी मण्डल है। इस बीमारी से निपटने के लिए अभी से तैयारियां पूरी कर ली जाए तथा एक एक सीएचसी/पीएचसी को सभी जनप्रतिनिधि गोद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *