चक्रवात यास का दिखेगा असर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 वाराणसी 
बंगाल की खाड़ी में उठ चक्रवात यास का असर आज से उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। 26 मई की रात तक पूर्वांचल में असर दिखने की संभावना है। इसके साथ ही देर रात तेज हवाएं चलेंगी और साथ में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दौरान 35 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं, यास का प्रभाव 28 मई तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने आमजन को सतर्कता बरतने के साथ ही घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 26 से 28 मई के बीच धूल भरी आंधी चलने और बारिश होने के आसार हैं। 28 मई को पश्चिमी यूपी में आंधी-पानी के आसार जताए गए हैं। मौसम निदेशक जे पी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी यूपी में 28 मई को हल्की बारिश और पूर्वांचल में 26 से 28 मई के बीच कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश हो सकती है।

वैसे चक्रवात के असर की सुगबुगाहट मंगलवार रात से ही महसूस होने लगी जब पुरवा हवा के चलते वातावरण में उमस हावी होने लगी थी। मौसम वैज्ञानिक प्रो.एसएन पांडेय ने बताया कि 25 मई की रात उड़ीसा, पश्चिम बंगाल की तटों पर टकराने के बाद तूफान का रुख झारखंड की ओर होगा। उसके असर से 26 व 27 को झारखंड में तेज हवा के साथ भारी बारिश होगी। इसका गंभीर असर बिहार में भी 27 मई तक आ जाएगा। पूर्वी यूपी तक उसका असर रहेगा। वाराणसी सहित आसपास के जिलों में भी तेज हवा और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *