बांका में बालू कंपनी से 11 लाख की लूट, बदमाशों ने की गोलीबारी व बमबाजी

बांका
बिहार के बांका जिले के शंकरपुर स्थित बालू कंपनी महादेव इंक्लेव के धर्मकांटा पर सोमवार की रात दो बजे बदमाशों ने जमकर गोलीबारी व बमबाजी की। इस दौरान बदमाशों ने  काउंटर से11 लाख रुपए लूट लिये। अपराधियों ने धर्मकांटा परिसर में सो रहे तीन कर्मचारियों को भी मारपीट कर घायल कर दिया। सभी भागलपुर में इलाजरत हैं। बदमाशों की सारी करतूत सीसीटीवी में कैद है। इधर एसपी के निर्देश पर टाउन थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। 

धर्मकांटा इंचार्ज पवन शर्मा ने बताया कि सोमवार की  देर रात करीब दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने पहले कैश काउंटर खुलवाने की कोशिश की। लेकिन जब सफल नहीं हुए तो फार्यंरग के साथ ही तीन बमों से कर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने अंदर घुसकर कर्मियों से मारपीट की और रुपये से भरा बक्सा लेकर भाग गए। 

कर्मियों का कहना है कि लूट की सूचना देने के लिए जब थाने में फोन किया तो किसी से उसे रिसीव नहीं किया। धर्मकांटा इंचार्ज ने बताया कि  पेट्र्रोलिंग वाहन से शिकायत करने पर भी कार्रवाई नहीं की गयी। गौरतलब है कि शंकरपुर धर्मकांटा पर पहले भी गोलीबारी हुई है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे लोग बार-बार वारदात को अंजाम देते रहते हैं। 

शंकरपुर धर्मकांटा पर सोमवार की रात बदमाशों द्वारा की गई लूट की वारदात की जांच जारी है। घटना में शामिल बदमाशों की पुलिस पहचान कर रही है।
 -अरविन्द कुमार गुप्ता, एसपी, बांका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *