कासगंज में निर्माणधीन शोरूम का लेंटर भरभराकर गिरा, तीन की मौत, सात घायल
आगरा
शहर के प्रभु पार्क के समीप रविवार सुबह एक निर्माणधीन शोरूम का लेंटर भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर पड़ा। मलबे में दबने से भवन स्वामी व दो मजदूरों समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि सात मजदूरों को गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे में मरने वालों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। हादसा उस समय हुआ जब रात को लेंटर डालने के बाद सुबह मजदूर पूरा कर रहे थे।
शहर के मोहल्ला नाथूराम निवासी कुलदीप माहेश्वरी पुत्र सत्यप्रकाश माहेश्वरी प्रभु पार्क के समीप शोरूम व मकान का निर्माण करा रहे थे। शनिवार की रात छत पर लेंटर डालने का काम हुआ था। 10 मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। रात को लेंटर का कुछ कार्य रह गया था जिसे सुबह पूरा करने में मजदूर लगे हुए थे। कुलदीप माहेश्वरी मौके पर रहकर स्वयं काम पूरा करा रहे थे। कुछ मजदूर लेंटर के नीचे तो कुछ दीवार पर थे। सुबह साढ़े आठ बजे अचानक नवनिर्मित लेंटर भराभराकर गिर पड़ा। लेंटर गिरने ही मजदूरों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े । मलबे में दबे तीन मजदूरों को घायल हालत में ही तत्काल बाहर निकाल लिया। उन्हें अस्पताल भिजवाया गया।
कुछ और मजदूरों के मलबे में दबे होने की जानकारी पर जिला प्रशासन को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। जेसीबी और क्रेन की मदद से सरकारी अमले ने बचाव का कार्य शुरू करा दिया। मौके पर कई एम्बुलेंसों को भी बुला लिया गया। स्थानीय लोग भी मलबा हटवाने में जुट गये। करीब चार घंटे तक चले बचाव कार्य के बाद मलबे से निकाले गये अन्य मजदूरों व भवन स्वामी को सीएचसी अशोक नगर में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने भवन स्वामी कुलदीप माहेश्वरी (40) पुत्र सत्यप्रकाश माहेश्वरी, मजदूर राकेश (20) पुत्र कुंवरपाल निवासी दुर्गा कालोनी व धीरज (20) पुत्र राधेश्याम निवासी गंगेश्वर कालोनी कासगंज को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मजदूर राजकुमार पुत्र नाथूराम, विजय पुत्र शेर सिंह, अजय पुत्र शेर सिंह, धर्मेन्द्र पुत्र वीरवल, हरि सिंह पुत्र टीकाराम, धर्मपाल पुत्र चन्द्रपाल, सुरेंद्र पुत्र टीकाराम गंभीर रुप से घायल हो गये। जिनका उपचार चल रहा है।
डीएम चन्द्रप्रकाश सिंह व एसपी मनोज कुमार सोनकर ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पर घायलों के लिए बेहतर इलाज के लिए चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया। हादसे में मृत लोगों के शवों का तत्काल पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिये। डीएम ने बताया कि हादसे की सूचना शासन को दे दी गई है। मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
