जून से वैक्सीनेशन अभियान प्रक्रिया होगी आसान: सीएम
भोपाल
कोरोना को हराने के लिए सरकार के हरसंभव प्रयास जारी हैं। इस बीच वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने और ग्रामीण इलाकों में टीके को लेकर फैले भ्रम को दूर करने के लिए सरकार अभियान चलाएगी। टीकाकरण के नियम और प्रक्रियाएं सरल की जाएगी जिससे बड़ी संख्या में जनता को वैक्सीनेट किया जा सके। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एक जून से वैक्सीनेशन को लेकर अभियान चलाया जाएगा। वैक्सीनेशन कराने के पश्चात कुछ लोगों को हल्का बुखार आता है परंतु इस हल्के बुखार से डरने की आवश्यकता नहीं है। यह अन्य किसी वैक्सीनेशन के बाद होने वाली साधारण परेशानी है जो नुकसान पहुंचाने वाली नहीं है।
मंत्रालय में अफसरों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन और सुलभ और सरल करने के सारे उपाय किए जाएं। वैक्सीनेशन के प्रति फैले भ्रम को दूर करने के लिए जन-जागरुकता अभियान चलाकर सभी को प्रेरित करें कि वे वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन को लेकर अनेक प्रकार की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। लोगों को समझाएं कि यह उनके हित में है और जिस तरह से कोरोना की दूसरी लहर में वैक्सीनेशन कराने वाले सुरक्षित हुए हैं, उसी तरह आने वाले समय में भी यह लोगों को सुरक्षा देगी। चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण की जांच अधिक से अधिक लोग कराएं।
सवा 11 लाख श्रमिकों के खाते में भेजे 113 करोड़
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आपदा सहायता राशि के रूप में 1128130 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के खाते में आज 112.813 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। श्रम विभाग के अंतर्गत असंगठित निर्माण श्रमिक, मप्र भवन एवं अन्य संन्निर्माण-कर्मकार मण्डल के अंतर्गत श्रमिकों का आपदा राशि के लिए पंजीयन किया गया है। वर्तमान में मण्डल में जितने श्रमिक रजिस्टर्ड हैं, उनके खाते में कोरोना संक्रमण के दौरान आपदा सहायता राशि के रूप में प्रति श्रमिक 1000 रुपए की राशि प्रदाय की गई।
