आरएलडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज, जयंत चौधरी की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी लगभग तय

लखनऊ
अजित सिंह के निधन के बाद उनके बेटे जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल के नए प्रमुख के तौर पर आज ताजपोशी की जाएगी। मंगलवार को आरएलडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आरएलडी के नए चीफ के तौर पर उनके नाम की घोषणा हो सकती है। इस समय पार्टी का ध्यान उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों पर है। पश्चिमी यूपी में पार्टी कृषि कानूनों और जाट आरक्षण जैसे मुद्दों पर किसानों और जाटों को साधना चाहती है।

 आरएलडी के संस्थापक रहे अजित सिंह चौधरी का 6 मई को कोरोना के कारण निधन हो गया था। पिता की मौत के 18 दिनों के बाद जयंत को आरएलडी का नया प्रमुख घोषित किया जाएगा। रालोद के राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अनिल दुबे ने बताया कि आज होने वाली बैठक में जयंत का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुनाव निश्चित है। वहीं, राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि अपने पिता और अपने दादा की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जयंत को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में 2013 मुजफ्फरनगर दंगों के बाद जो जाट वोट बैंक साल 2014 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी की ओर खिसक गया था उसे वापस अपनी ओर लाना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
 
 जयंत इस समय राजनीति में संघर्ष कर रहे हैं। साल 2014 के लोकसभा चुनावों में उन्हें मथुरा संसदीय सीट पर बीजेपी उम्मीदवार हेमा मालिनी के हाथों करारी हार मिली थी। इसके बाद साल 2019 में भी उन्हें आरएलडी का गढ़ माने जाने बागपत में भी करारी हार मिली थी। हालांकि अनिल दूबे का कहना है कि जयंत 2004 से राजनीति में सक्रिय हैं और वे उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति को भलि-भांति समझते है और पार्टी प्रमुख का चार्ज संभालने के लिए उन्होंने पूरी ट्रेनिंग ली है। बहरहाल यूपी विधानसभा का चुनाव काफी करीब है। इसके लिए जयंत को काफी तैयारी करनी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर चुनावों का परिणाम पार्टी के खिलाफ जाता है तो इससे जयंत की नेतृत्व क्षमता पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्हें अभी काफी लंबी पारी खेलनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *