उज्जैन में कोरोना टीके के लिए जागरूकता फैलाने गई मेडिकल टीम पर हमला
उज्जैन
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कई परिवारों से उनके अपने छीन लिए। इसके बावजूद लोग कोरोना संक्रमण और टीकाकरण अभियान को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के मालीखेड़ी गांव में तो लोगों ने कोरोना वायरस के टीके को लेकर जागरूकता फैलाने गई मेडिकल टीम पर ही हमला कर दिया गया। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है।बातचीत में मेडिकल टीम के शकील मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि हम गांव मालीखेड़ी में कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता पैदा करने और लोगों को टीका लगाने के लिए प्रेरित करने के लिए गए थे।
तब पता चला कि ग्रामीण टीका ही नहीं लगवाना चाहते हैं। मेडिकल टीम को लगा कि उनकी समझाइश के बाद में ग्रामीण मान जाएंगे। लेकिन करीब 50 लोगों की भीड़ में से किसी ने शकील मोहम्मद कुरैशी के सिर पर लाठी से वार कर दिया। वहीं, पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि कुछ ग्रामीणों ने अपशब्द कहे और सहायक सचिव के पति के सिर पर वार किया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
