कोरोना के हालात से निपटने के लिए अस्पतालों के लिए अलग से बिजली का फीडर: नीतीश सरकार
पटना
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका से निपटने के लिए बिहार सरकार ने सभी मोर्चे पर तैयारी शुरू कर दी है। विशेषकर अस्पतालों में सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए सरकार की ओर से हर कवायद शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में अब निर्णय लिया गया है कि बिहार के सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज अस्तपालों को निर्बाध बिजली दी जाए। इसके लिए डेडिकेटेड फीडर बनाए जाएंगे। खेती के लिए अलग से बिजली देने के बाद सरकार अस्पतालों को अलग से बिजली देने की तैयारी कर ली है। यह काम इसी साल पूरा कर लिया जाएगा। गौर है कि कोरोना काल में बिजली जाने पर अस्पतालों में अफरातफरी का माहौल हो जाता है।
दरअसल, कोरोना काल में बिजली गुल होने पर अस्पतालों में चिकित्सीय कार्य करने में काफी परेशानी हुई। थोड़ी देर के लिए बिजली गुल होने पर मरीजों के जानमाल के लिए आफत साबित हो जा रही है। आईसीयू, ऑक्सीजन या वेंटिलेटर सिस्टम पर रहने वाले मरीजों को बिना बिजली नहीं रखा जा सकता है। इसे देखते हुए बिजली कंपनी ने जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज से लेकर रेफरल व प्राइमरी हेल्थ सेंटर तक को अलग से बिजली देने के लिए 11 केवी का फीडर बनाने का निर्णय लिया गया है।
