धाक जमाने के मकसद से सुशील कुमार ने खुद दोस्तों से बनवाया था झगड़े का वीडियो: रिपोर्ट

 नई दिल्ली 
मर्डर केस में 19 दिन फरार रहने के बाद दो बार के ओलंपिक पदक विजेता रहे रेसलर सुशील कुमार को रविवार गिरफ्तार कर लिया गया। अब जानकारी मिली है कि सुशील कुमार ने खुद ही अपने साथियों से 4 मई की वारदात का वीडियो बनवाया था ताकि रेसलिंग जगत में उनकी धाक कायम रहे और भविष्य में कोई भी उनके खिलाफ जाने की हिम्मत न करे। सुशील कुमार ने अपने दोस्त प्रिंस से वीडियो बनाने को कहा था। वीडियो में सुशील कुमार पूर्व जूनियर नेशनल चैंपियन सागर धनखड़ और उसके दो दोस्तों, सोनू और अमित कुमार को पीटते दिख रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इसी के बाद सागर धनखड़ की मौत हुई और सुशील कुमार वहां से फरार हो गए।

सुशील कुमार के साथ उनके पांच सहयोगियों को भी दिल्ली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। स्थानीय अदालत ने सुशील को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के डिप्टी कमिश्नर प्रमोद कुश्वाह ने सुशील कुमार और उनके दोस्त अजय की गिरफ्तारी की घोषणा की। उन्होंने बताया, 'उन पर मर्डर, मर्डर की कोशिश, मारपीट, आपराधिक षड्यंत्र सहित कई मामले दर्ज किए हैं।' कोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस ने बताया कि सुशील कुमार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए 18 दिन तक फरार रहने के दौरान सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीमाएं पार कीं। इतना ही नहीं वह लगातार अपने मोबाइल की सिम भी बदलते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *