रिटायर्ड आईपीएस श्रीवास्तव के सूने घर से चांदी की मूर्ति, फोटो, टेबलेट हुई चोरी

रायपुर। रिटायर्ड आईपीएस राजीव श्रीवास्तव के चौबे कालोनी स्थित सूने घर में चोरों ने धावा बोलकर चांदी की देवी की मूर्ति, फोटो समेत टेबलेट पार करने के पहले कई घंटे तक वहां सिगरेट व पानी पिया और सामान को तोडफोड़ कर फरार हो गए। चोरी गया मूर्ति व फोटो आइपीएस को रिटायर्ड के समय बतौर उपहार में मिला था। फिलहाल सरस्वतीनगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू कर दी हैं।
रिटायर्ड आइपीएस राजीव श्रीवास्तव वर्तमान में डीडीनगर स्थित घर में सपरिवार निवासरत है, जबकि चौबे कालोनी स्थित पुराना घर बंद है। यहां एक कार पोर्च पर खड़ी रहती है जिसे लेने के लिए कभी-कभार उनका ड्राइवर कैलाश ठाकुर आता है। 20 मई की सुबह 11 बजे कैलाश कार लेने आया और बाहर और अंदर के दोनों मेन गेट का ताला खोलने के बाद जैसे ही भीतर गया तो नीचे और उपर की मंजिल के सभी दरवाजे खुले मिले। दरवाजे पर लगा ताला और कुंडा कटा हुआ था। नीचे के बेडरूम के साइड वाली खिड़की के ग्रिल को काटकर चोर भीतर अंदर घुसे थे। घर की सभी आलमारी खुली और सामान अस्त-व्यस्त था। कैलाश ने फोन पर इसकी जानकारी राजीव श्रीवास्तव को दी, तब वे भी पहुंच गए। उन्होंने पाया कि चोरों ने रिटायरमेंट के समय यादगार गिफ्ट के रूप में मिली सरस्वती देवी की छोटी चांदी की मूर्ति, गणेश जी की चांदी के डिजाइन की फोटो, एक सैमसंग कंपनी का पुराना मोबाइल टेबलेट पार कर दिया था। चोर कई घंटे तक घर में रूककर पानी पीने के साथ सिगरेट भी पिए थे। वहां इसके सुबूत भी मिले। दिन में घर की चौकीदारी ड्यूटी करने वाला नरेंद्र शाम छह बजे ड्यूटी पर आया तो उसने बताया कि चोरी की घटना रात के समय हुई है। फिलहाल पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *