दिल्ली में कोरोना की संक्रमण दर घटकर 3 फीसदी पर

नई दिल्ली
दिल्ली में कोरोना की दूसरी लहर का कहर अब तेजी से कम हो रहा है। नए मामलों में भी कमी लगातार जारी है। दिल्ली में शनिवार को जहां संक्रमितों की संख्या घटकर 2200 पर आ गई, वहीं अब संक्रमण दर भी घटकर 3 फीसदी पर पहुंच गई है। राहत की बात यह भी है कि आज मृतकों की संख्या 200 से कम रही।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 2260 नए मरीज मिले हैं, वहीं 182 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। अब संक्रमण दर घटकर 3.58 प्रतिशत पर आ गई है, जो शुक्रवार को 4.76 थी।

बुलेटिन के अनुसार, आज 6,453 मरीज पूरी तरह ठीक होकर कोरोना मुक्त हो गए, जबकि शुक्रवार को यह संख्या 7,288 थी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 14,15,219 हो गई है और 18,060 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राजधानी में अब कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव केस घटकर 31,308 पर आ गए हैं। इसके साथ ही, अब तक कुल 13,60,898 मरीज इस महामारी को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। वहीं अब तक कुल मृतकों का आंकड़ा 23,013 पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *