अंकुर कार्यक्रम से चलेगा प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण अभियान
भोपाल
प्रदेश में पौधारोपण को बढ़ावा देने और पर्यावरण को साफ रखने के लिए प्रदेश सरकार आमलोगों के लिए प्राणवायु अवार्ड शुरू करने जा रही है। अंकुर कार्यक्रम के इस अभियान के तहत प्रदेश में जनभागीदारी से वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए एप्को एक मोबाइल एप भी लांच करने जा रहा है। जिसमें इस अभियान के तहत रोपे गए पौधे की हर महीने फोटो भी अपलोड की जाएगी।
प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने एवं प्रकृति को प्राणवायु से समृद्र करने के लिए लिए प्रदेश सरकार अंकुर अभियान की शुरूआत करने जा रही है। कार्यक्रम के तहत पौधारोपण के लिए आम लोगों को प्रोत्साहन देने के लिए जिलेवार चयनित विजेताओं को मुख्यमंत्री प्राणवायु अवार्ड से सम्मानित कर उन्हें प्रमाण पत्र देंगे। इसमें प्रतिभागियों को गूगल प्ले स्टोर से वायुदूत एप डाउनलोड कर पंजीयन करना होगा। प्रतिभागियों को अपने संसाधन से कम से कम एक वृक्ष का रोपण कर पौधे की फोटो एप पर अपलोड करना होगी। इसके तीस दिन बाद फिर से इसी पौधे की फोटो एप पर अपलोड करना होगी। अंकुर कार्यक्रम के लिए कलेक्टर जिले के एक सीनियर अफसर को नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। जो इस कार्यक्रम और एप से जुड़े काम देखेंगे।
यह रहेंगे नियम
प्राणवायु पुरस्कार पाने के लिए सरकार ने नियम भी बनाए हैं। जिसके मुताबिक ऐप के माध्यम से ही पंजीयन अनिवार्य होगा। प्रतिभागी को कम से कम एक पौधारोपण स्वयं के संसाधन से करना होगा। रोपित पौधा किसी देशज वृक्ष की श्रेणी का होना अनिवार्य रहेगा। इसमें कनेर, गुडहल आदि श्रेणी के पौधे मान्य नहीं होंगे। पौधे के विकास, देखभाल और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं प्रतिभागी को ही करना होगी। पौधे का वास्तविक सत्यापन जिला नोडल अधिकारी को करना होगा। विजेताओं को वृक्ष वीरों और वृक्ष वीरांगनाओं के रूप में जाना जाएगा। हर जिले में यह पुरस्कार 50 प्रतिशत महिलाओं और 50 प्रतिशत पुरुषों को दिया जाएगा। वृक्षारोपण के लिए अपने घर का आंगन, शासकीय-अशासकीय भूमि, सामुदायिक स्थान का उपयोग किया जा सकता है।
