कोरोना मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस टकराई ट्रक से, कोरोना मरीज सहित चालक की मौत
जांजगीर-चांपा। कोविड अस्पताल में भर्ती मरीज को बेहतर इलाज एम्बुलेंस के जरिए बिलासपुर जा रहा था कि तभी अकलतरा के ग्राम करूमहु के पास खड़ी मिनी ट्रक को एम्बुलेंस ने जोरदार ठोकर मार दी जिससे कोरोना मरीज सहित एम्बुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बलौदा के ग्राम हरदी विशाल निवासी चंद्रराम महिलांगे (45) पुत्र मेघवाराम महिलांगे कोरोना पॉजिटिव थे। होम आइसोलेशन में रहकर ही उनका उपचार चल रहा था। 4 दिन पहले उन्हें सांस लेने में दिक्कत शुरू हुई तो जांजगीर स्थित आकांक्षा कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया था। देर रात करीब 12 बजे पैरालिसिस का अटैक आया और तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उन्हें बिलासपुर स्थित सीआईएमएस रेफर कर दिया गया। आकांक्षा कोविड केयर सेंटर से रात करीब 1 बजे एंबुलेंस चालक ग्राम झलमला निवासी धीरज यादव (22) पुत्र संतोष यादव, मरीज चंद्रराम, उनकी पत्नी पुनिबाई और बेटे दीपक लेकर बिलासपुर के लिए रवाना हुआ। करीब 45 मिनट बाद एंबुलेंस ग्राम करूमहु में सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि एंबुलेंस आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मौके पर ही धीरज और चंद्रराम ने दम तोड़ दिया।
हादसे में मरीज चंद्रराम की पत्नी पुनिबाई और पुत्र दीपक के सिर और कंधे पर गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सीआईएमएस रेफर कर दिया गया है। जबकि ड्राइवर धीरज के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं चंद्रराम के शव का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जाएगा।
