कोविड से बढ़ती मौतों पर Mayawati ने जताई चिंता, योगी सरकार को दी ये सलाह
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के अंदर कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है। बीते 24 घंटों की बात करें तो कोरोना के 6 हजार 725 नए मामले जामने आए है। जबकि कोरोना से 238 मरीजों की मौत हो गई है। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण अपना विकराल रूप दिखा रहा है। पंचायत चुनाव के बाद ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। वहीं, कोरोना से बढ़ती मौतों के मामले में बहुजन समाजा पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम मायावती ने चिंता जताई है। इतना ही नहीं, मायावती ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से गरीबों की मदद करने का आग्रह भी किया है।
मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'सरकारी दावे के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के केस कुछ कम हो रहे हैं जो थोड़ी राहत की बात है। लेकिन कोरोना से मौतों की संख्या बढ़ रही है। कारण चाहे कुछ भी हो किन्तु यह अति-विषम व अति-दुःखद स्थिति है जिससे मुक्ति के लिए हर स्तर पर सभी प्रकार के ईमानदार प्रयास बहुत जरूरी।' वहीं, अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, 'यूपी के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना बहुत तेजी से लोगों को संक्रमित कर उनकी जान ले रहा है। लोग जैसे-तैसे उनका दाह संस्कार करने को मजबूर हैं। ऐसे उजड़े गरीब व बेसहारा परिवारों की हर प्रकार की मदद के लिए सरकार को तुरन्त घोषणाओं से आगे बढ़कर सक्रिय होना चाहिए।'
