कोरोना संक्रमित मरीजों के जेवर और मोबाइल चोरी, वार्ड बॉय को हिरासत में

 मेरठ 
अस्पतालों में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों का सामान लगातार गायब हो रहा है। मेरठ में तीन मरीजों के जेवरात-मोबाइल चोरी होने की शिकायतें पुलिस के पास आई हैं। एक मामले में पुलिस ने प्राइवेट अस्पताल के वार्डबॉय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सबसे ज्यादा शिकायतें एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड से आ रही हैं। प्रतिदिन कई मरीजों के परिजन ऐसी शिकायत लेकर यहां पहुंच रहे हैं।

रक्षापुरम डिवाइड रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर के रिश्तेदार को कोरोना संक्रमित होने पर भर्ती कराया गया। एक्सरे कराते समय मरीज के गले में पड़ी सोने की चेन गुम हो गई। चोरी का आरोप अस्पताल के वार्ड ब्वॉय पर लगा। पुलिस पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी चेक की। इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पुलिस अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस की गिरफ्त आरोपी ने बताया कि उसने चेन चोरी कर अस्पताल के ही बाथरूम में फेंक दी थी। पुलिस वहां चेन ढूढ़ने का प्रयास कर रही है। इसी तरह जागृति विहार स्थित सोमदत्त सिटी निवासी शीतल त्यागी के अनुसार, उनके पति राजगौरव त्यागी की 26 अप्रैल को मेडिकल के कोविड वार्ड में मौत हो गई थी। 27 अप्रैल को स्टाफ ने जब शव परिजनों को सौंपा तो 3 ग्राम का सोने का कड़ा और कीमती रत्न अंगूठी शरीर पर नहीं थी। शीतल ने इस बाबत एसएसपी को तहरीर देते हुए कोविड वार्ड के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने और दोषी को पकड़ने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *