नगर निगम की लापरवाही ने ली मासूम की जान, खुले नाले में गिरकर बच्ची की मौत
मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर के वार्ड 31 स्थित रामदयालुनगर मेन रोड में बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे कृष्ण पासवान की पांच वर्षीय बेटी दीपा कुमारी की मौत खुले नाले में गिरने से हो गई। उसके घर के आगे ही नगम निगम का नाला है। यह दो वर्षों से खुला हुआ है। उसके घर के आगे एक गाड़ी लगी हुई थी। खेलते-खेलते वह कब नाले में जा गिरी, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। जब परिजनों ने घर में नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की। कोई सुराग नहीं मिला। घर के आगे लगी गाड़ी जैसे हटी, दीपा नाले में गिरी मिली। पुलिस भी पहुंची। पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इधर नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि जहां भी नाले पर स्लैब नहीं है,उसे ढका जाएगा।
मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया कि सुबह वह घर में काम कर रही थी। इस दौरान दीपा ने कहा कि वह टीवी देखने जा रही है। इसके बाद वह अपने काम में व्यस्त हो गयी। कुछ देर बाद मां ने दीपा को खाना खिलाने के लिए खोजना शुरू किया। लेकिन, वह नहीं मिली। इसके बाद उसके मां और पिता काफी परेशान हो गये। करीब आधे घंटे के बाद एक व्यक्ति ने दीपा को नाले में गिरा देखा।
