इजराइली हवाई हमले में 6 की मौत, 3 दर्जन से ज्यादा सदस्यों वाले परिवार का घर तबाह

 गाजा सिटी 
इजराइल के हवाई हमले में बुधवार की सुबह गाजा पट्टी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और तीन दर्जन से ज्यादा सदस्यों वाले परिवार का एक बड़ा घर तबाह हो गया। सेना ने बताया कि हमास शासित क्षेत्र से लगातार रॉकेट हमले के बीच उसने दक्षिण में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया। हमले में 40 सदस्यों वाले अल-अस्तल परिवार का घर तबाह हो गया। निवासियों ने बताया कि हवाई हमले से पांच मिनट पहले दक्षिणी शहर खान यूनुस के भवन पर चेतावनी स्वरूप मिसाइल दागी गई, जिससे परिवार का हर सदस्य वहां से भागने में सफल रहा।

इजराइल की सेना ने कहा कि उसने खान यूनुस और राफा में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया और 25 मिनट में 52 विमानों ने 40 ठिकानों पर बमबारी की। गाजा के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमलों में एक महिला की मौत हो गई और 8 लोग जख्मी हो गए। हमास के अल-अक्सा रेडियो ने बताया कि गाजा सिटी में हवाई हमले में उसके एक संवाददाता की मौत हो गई। शिफा अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि बुधवार की सुबह लाए गए पांच शवों में संवाददाता का शव भी था। इनमें दो लोगों की मौत चेतावनी वाली मिसाइल के उनके अपार्टमेंट से टकराने के कारण हुई। ये हमले तब हुए हैं जब संघर्ष विराम के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हुए हैं। फलस्तीनी क्षेत्र गाजा पर इस्लामिक आतंकवादी समूह हमास का शासन है, जहां पिछले 14 वर्षों से घेराबंदी के कारण वहां के ढांचे पहले ही काफी कमजोर हो चुके हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि बाइडन प्रशासन इजराइल को गाजा पर बमबारी रोकने के लिए निजी तौर पर आग्रह कर रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *