पानी-पानी राजधानी: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 45 सालों का रिकॉर्ड
नई दिल्ली
साइक्लोन तौकते ने केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में भारी तबाही मचाई है, अब चक्रवात हरियाणा की ओर मुड़ गया है। चक्रवात का असर दूसरे राज्यों पर भी दिख रहा है। बुधवार से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में तो बारिश ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कल यहां मई महीने की सबसे अधिक बारिश ( 60 मिमी) हुई है। इससे पहले 59 मिमी बारिश मई 1976 में हुई थी।
लगातार बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में काफी गिरावट आई है लेकिन बारिश के कारण दिल्ली जलमग्न हो गई है। जगह -जगह पानी का जलजमाव हो गया है। लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में Orange Alert जारी है। कल दिल्ली के सफदरजंग क्षेत्र में 31.3 मिलीमीटर और पालम में 27.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
कई राज्यों में बरसे बादल
केवल दिल्ली ही नहीं,उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कल से भारी बारिश का दौर जारी है, कई जगहों पर तो बारिश होने के कारण बिजली गुल हो गई है और तेज हवाएं चल रही हैं। उत्तराखंड के केदारनाथ में तो बर्फबारी हो रही है, जिसके बाद यहां एकदम से ठंड जैसी स्थिति हो गई है।
आज उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जनपदों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार में भारी बारिश हो सकती है।ऑरेंज अलर्टे के बीच दिल्ली में आज भी बारिश होने के आसार हैं, हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आज हल्की बारिश के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
