29 मई को BCCI की बैठक टी-20 विश्व कप पर चर्चा

नई दिल्ली

भारत को इसी साल अक्टूबर-नवंबर में टी20 विश्व कप (T20 World Cup) की मेजबानी करनी है, लेकिन देश में कोविड की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस पर काले बादल भी मंडरा रह हैं. कई पूर्व खिलाड़ी कह चुके हैं कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारत में टी20 विश्व कप का आयोजन नहीं होना चाहिए. ऐसे में बीसीसीआई भी इसे लेकर गंभीर है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 29 मई को विशेष आम बैठक (SGM) बुलाई है जिसमें अक्टूबर – नवंबर में होने वाले टी20 विश्व कप पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा इस बैठक में आगामी सत्र में भारत में होने वाले क्रिकेट पर भी चर्चा की जाएगी. बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बैठक के लिए जो नोटिस भेजा है उसमें कहा गया है कि भारत में महामारी की स्थिति को देखते हुए आगामी क्रिकेट सत्र पर चर्चा की जाएगी.

कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के कारण भारत में टी20 विश्व कप के आयोजन को लेकर आशंकाएं व्यक्त की जा रही है. बीसीसीआई ने यह एसजीएम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की एक जून को होने वाली बैठक से पूर्व बुलाई है. आईसीसी बैठक में भारत में कोविड-19 की स्थिति को देखकर टी20 विश्व कप के आयोजन को लेकर निर्णय कर सकती है. भारत में अभी महामारी की स्थिति गंभीर है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *