गांजे की खेती का खुलासा, किसान गिरफ्तार, पुलिस ने 20 लाख का माल किया जब्त
मुजफ्फरपुर
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के मणिपुर भूसरा में गांजा की खेती का खुलासा हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को एसएसपी जयंतकांत ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी कर इसे बरामद किया। मामले में गांजा की अवैध खेती करने वाले श्रीनारायण कुंवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार एसएसपी को गुप्त सूचना मिली कि मणिपुर निवासी श्रीनारायण कुंवर ने अपने घर के पीछे स्थित बिहार सरकार की जमीन में गांजा की खेती की है। इसके बाद एसएसपी ने डीएसपी पूर्वी मनोज पाण्डेय, प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार, नरेन्द्र कुमार, सीओ राघवेन्द्र कुमार राघवन समेत दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसबीच शहर में लूट होने की सूचना मिलते ही एसएसपी व डीएसपी गायघाट थाना को निर्देश देते हुए शहर की ओर निकल गए। बता दें कि आरोपित श्रीभगवान कुंवर काफी निर्धन है व उसके घर के पीछे दो कट्ठा जमीन में सब्जी की खेती की गई है। उसी सब्जी की क्यारियों पर गांजा का पौधा लहलहा रहा था। पुलिस ने सभी पौधे को कटवा कर जब्त कर थाना ले गई। प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार ने बरामद गांजा की कीमत बीस लाख रुपये बतायी है।
