केजरीवाल के बयान के बाद सिंगापुर ने भारतीय उच्चायुक्त को किया तलब

दिल्ली

कोरोना वायरस कहर के बीच 'सिंगापुर वेरिएंट' को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के एक ट्वीट से अब बवाल बढ़ता दिख रहा है। सिंगापुर वेरिएंट वाले अरविंद केजरीवाल के बयान पर भड़के सिंगापुर ने न सिर्फ अरविंद केजरीवाल के बयान को खारिज किया है, बल्कि सिंगापुर सरकार ने भारतीय उच्चायुक्त को तलब कर सख्त आपत्ति भी जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने जानकारी दी है कि अरविंद केजरीवाल के ट्वीट पर सिंगापुर ने कड़ी आपत्ति जताने के लिए हमारे उच्चायुक्त को तलब किया।

प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि सिंगापुर सरकार ने सिंगापुर वेरिएंट को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ट्वीट पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करने के लिए आज हमारे उच्चायुक्त को बुलाया। इसके बाद उच्चायुक्त ने भारत की ओर से जवाब दिया और स्पष्ट किया कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पास कोरोना के वेरिएंट या नागरिक उड्डयन नीति पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

दिल्ली के सीएम का बयान भारत का नहीं: जयशंकर
भारत की ओर से इस मामले पर जवाब दिया गया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पास कोविड के वैरिएंट या विमान पॉलिसी पर बोलने का अधिकार नहीं है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा, ''सिंगापुर और भारत दोनों कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में सिंगापुर द्वारा भारत की जो मदद की गई है, उसके लिए उनका धन्यवाद। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का बयान भारत का नहीं है।'

केजरीवाल को केंद्र सरकार ने भी दिया जवाब
सिंगापुर से पहले केंद्र सरकार ने केजरीवाल को जवाब दिया। विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सिंगापुर की स्थिति पर केंद्र सरकार की नजर है और सभी एहतियात बरती जा रही हैं। पुरी ने ट्विटर पर कहा, ''केजरीवाल, सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मार्च 2020 से ही बंद हैं। सिंगापुर के साथ हमारा एयर बब्बल भी नहीं है।'' उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन के तहत दोनों देशों के बीच कुछ उड़ानें जारी हैं ताकि वहां फंसे भारतीयों को वापस लाया जा सके।

दिल्ली सरकार ने दी सफाई
दिल्ली सरकार ने इस पूर मामले पर सफाई दी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि इस वक्त कोरोना के अलग-अलग स्ट्रेन हैं, जिनका जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चल रहा है। जब लंदन से फ्लाइट आ रही थी, हमने तब भी उन्हें रोकने की अपील की थी। सत्येंद्र जैन का कहना है कि पूरे विवाद पर शाम को सफाई दी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *