तेजी से घट रहे कोरोना के एक्टिव केस, खाली बेड की संख्या भी बढ़ी

नई दिल्ली
कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच देश की राजधानी दिल्ली को संक्रमण के मामले में अब राहत मिलती हुई नजर आ रही है। दिल्ली में जहां दैनिक मामलों में गिरावट आई है, वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने के साथ ही कोरोना वायरस के एक्टिव केस भी घट रहे हैं। कोरोना वायरस के मामलों में आई इस कमी से दिल्ली में कोविड-19 के खाली बेड और आईसीयू बेड की संख्या अब बढ़ गई है। मंगलवार को जारी दिल्ली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में कोरोना वायरस के मरीजों के लिए कुल उपलब्ध बेड में से 12907 बेड खाली हैं, जबकि 14805 बेड भरे हुए हैं।
 
आपको बता दें कि मंगलवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 4482 नए मामले मिले। बीते 5 अप्रैल के बाद एक दिन में मिले कोरोना वायरस के मरीजों की यह सबसे कम संख्या है। दिल्ली में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट घटकर 6.89 फीसदी पर आ गया है। हालांकि कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या अभी भी सरकार के लिए एक बड़ी चिंता बनी हुई है। मंगलवार को कोरोना वायरस की वजह से दिल्ली में 265 लोगों की जान गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *