Corona मृतकों के परिवारों को मिलेगा 50 हजार रुपये का मुआवजा,पेंशन का भी ऐलान

नई दिल्ली
 दिल्ली में कोरोना महामारी (Coronavirus) में अपने परिजनों को गंवाने परिवारों के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बड़ी घोषणा की है. उन्होंने ऐलान किया कि प्रत्येक कोरोना मृतक के परिवार को सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा.

बच्चों के पोषण का भी खर्च उठाएगी सरकार
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस मुआवजे से परिजनों को तो नहीं लौटाया जा सकता लेकिन संकट से जूझ रहे परिजनों को थोड़ी मदद जरूर मिलेगी. उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने कमाऊ सदस्य खोए हैं, उन्हें सरकार 2500 रुपये महीना पेंशन देगी.

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी (Coronavirus) में अपने मां-बाप को गंवाने वाले बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण का खर्च भी सरकार उठाएगी. ऐसे बच्चों को 25 साल की उम्र होने तक 2500 रुपये महीने की मदद दी जाएगी.  उधर दिल्ली में कोरोना वायरस के नए मरीजों की नई संख्या में धीरे-धीरे गिरावट आने लगी है. इससे सरकार थोड़ी राहत की सांस ले रही है.

कोरोना से ठीक होने वालों की तादाद बढ़ी

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना (Coronavirus) के 4482 नए मामले सामने आए. वहीं पहले से भर्ती 9403 लोग ठीक होकर अपने घरों को वापस लौटे. इसी अवधि में दिल्ली में 265 लोगों की कोरोना से मौत हो गई.

विभाग के अनुसार दिल्ली में अब कुल कोरोना (Coronavirus) संक्रमितों की संख्या 14 लाख 2 हजार 873 हो गई है. वहीं ठीक होने वालों की संख्या 13 लाख 29 हजार 899 हो चुकी है. इस बीमारी से शहर में अब तक 22 हजार 111 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. दिल्ली में फिलहाल 50 हजार 863 मरीजों का इलाज चल रहा है. इनमें से 31,197 मरीज होम आइसोलेशन में हैं

दिल्ली में संक्रमण दर घटकर 6.89% हुई
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिल्ली में अब कोरोना संक्रमण (Coronavirus) की दर घटकर 6.89% हो गई है. वहीं संक्रमित हो चुके लोगों में मृत्यु दर 1.58% चल रही है. शहर में पिछले 24 घंटे में 65 हजार लोगों के सैंपल लिए गए. वहीं 1 लाख 13 हजार 310 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई.

अब तक 22,111 लोगों की हो चुकी है मौत
दिल्ली में संक्रमित (Coronavirus) पाए गए लोगों की कुल संख्या 14,02,873 हो गई है. जबकि 22,111 रोगियों की मौत हो चुकी है. स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, अब तक 13.29 लाख लोग संक्रमण से उबर चुके हैं या दिल्ली से बाहर चले गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *