राफेल नडाल की नजर 21वें ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने की रहेगी

रोम
 इटालियन ओपन के फाइनल में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविक को शिकस्त देने वाले स्पेनिश दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल की नजरें अब फ्रेंच ओपन के जीतने पर लगी हैं। इसके साथ ही वह अपने करियर का 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब भी जीत सकते हैं। नडाल ने कहा, 'मैं फ्रेंच ओपन में बड़े आत्मविश्वास के साथ खेलूंगा और मेरी कोशिश 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने की रहेगी।'

34 वर्षीय नडाल ने सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविक को 7-5, 1-6, 6-3 से हराकर 10वां इटालियन ओपन खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मुझे अभी कई चीजों पर काम करने की जरूरत है। मैं इससे भी अधिक अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं। मैंने इस सप्ताह अपने खेल में काफी सुधार किया है लेकिन मुझे और भी अच्छा करने की जरूरत है। मैं 10वीं बार इटालियन ओपन का खिताब जीतना चाहता था। यह मेरे करियर के सबसे महत्वपूर्ण खिताबों में से एक है। मैंने कई अच्छे पल और पॉजिटिव चीजें टूर्नामेंट के दौरान हासिल की हैं।'

फ्रेंच ओपन की शुरुआत 30 मई से होगी। नडाल अगर फ्रेंच ओपन का खिताब जीत लेते हैं तो वह पुरुष सिंगल्स में सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम जीतने के मामले में रोजर फेडरर को पीछे छोड़ देंगे। फेडरर के नाम 20 ग्रैंडस्लैम खिताब दर्ज हैं।

वहीं, जोकोविक ने कहा, 'मैं नडाल के खिलाफ खेलकर खुश हूं क्योंकि इससे फ्रेंच ओपन में मदद मिलेगी। क्ले कोर्ट पर नडाल से बड़ी चुनौती और कोई नहीं है। अगर फ्रेंच ओपन में उनसे फिर सामना होता है तो इस मैच का अनुभव मेरे काम आएगा। मैं इटालियन ओपन का खिताब नहीं जीतने से दुखी हूं।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *