सामुदायिक रसोई का सीएम ने जाना हाल
पटना
बिहार में विभिन्न जिले के सामुदायिक किचन का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाल जाना। वैशाली जिला मुख्यालय स्थित राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय और महुआ के वैशाली विद्यालय में गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों के लिए चल रही सामुदायिक रसोई की व्यवस्था को उन्होंने देखा। उन्होंने समय पर अच्छा भोजन करवाने की बात कही। खाने वाले लोगों से भी बात कर मुख्यमंत्री संतुष्ट हुए। मुख्यमंत्री ने कोविड केयर में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को दिए जाने वाले भोजन के बारे में भी पूछताछ की।
महुआ के वैशाली विद्यालय में चल रहे सामुदायिक किचन का ऑनलाइन निरीक्षण मुख्यमंत्री द्वारा सोमवार को किया गया। मुख्यमंत्री 12:50 बजे यहां किचन से ऑनलाइन हुए और रसोई से संबंधित विभिन्न जानकारियां ली। इस बीच उन्होंने भोजन करने वाले लोगों से भी ऑनलाइन बातचीत कर खाने के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किचन का ऑनलाइन निरीक्षण किया। वहां बने चावल, दाल, सब्जी, सलाद आदि को देखा। इसके बाद भोजन कर रहे लोगों को भी ऑनलाइन देखकर उनसे खाने के बारे में जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खाना खा रही मीरा और ललिता से पूछा कि कैसा लगा खाना, सब ठीक-ठाक है ना। मुख्यमंत्री के पूछने पर ललिता और मीरा ने सिर हिलाया। उसके सिर हिलाने पर मुख्यमंत्री कुछ समझ नहीं पाए। इस बीच पदाधिकारियों ने महिला को बोलकर बताने को कहा।
फिर ललिता बोलीं, खाना बहुत निक लागल। महुआ मंगरू चौक पर पत्थर को काटकर जाता, सिलौट आदि बनाकर बेच रही ललिता और मीरा इस समय लॉकडाउन के कारण परेशानी में हैं। इस बीच सामुदायिक किचन उसके लिए जीवनदायनी बन रहा है। वह पूरे परिवार के साथ प्रतिदिन दोनों समय जाकर खाना खाती हैं। यहां 150 लोगों को खाना खिलाया गया। जिसमें अनुमंडल अस्पताल सह कोविड केयर पर भी मरीजों के 5 दर्जन परिजनों के लिए खाना भेजा गया।
