हमास नेता के घर समेत 3 इमारतों पर इजरायल की एयर स्ट्राइक, 42 की मौत

गाजा
इजरायल और फिलिस्तीन में बीच युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। हर बार की तरह इस बार भी गाजा पट्टी के कट्टरपंथी संगठन हमास की ओर से रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा, जिस वजह से इजरायल भी जवाबी कार्रवाई को अंजाम दे रहा है। रविवार को इजरायल डिफेंस फोर्स ने गाजा पट्टी में एयर स्ट्राइक की, जिसमें तीन इमारतों को निशाना बनाया गया। इस हमले में कम से कम 42 लोगों के मारे जाने की खबर है।
 
रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल डिफेंस फोर्स हमास के टॉप लीडर्स को निशाना बना रही है। रविवार को हुए हमले में हमास नेता याहिया सिनवार के घर को जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा दो अन्य इमारतों पर भी मिसाइलें दागी गईं। जिसके बाद से बचे हुए हमास नेता अंडरग्राउंड हो गए हैं। वहीं फिलिस्तीन के राष्ट्रपति ने मध्यस्थता और बातचीत की बात कही थी। ऐसे में इस कार्रवाई से उनको झटका लग सकता है।

गाजा स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हमले में 42 लोग मारे गए, जबकि 50 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में 16 महिलाएं और 10 बच्चे भी शामिल हैं। कुछ इलाकों में अभी भी रेक्स्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में ऐसे बहुत से हमले होने की आशंका है क्योंकि इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने साफ किया है कि आतंकवाद के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। ऐसे में हालात अभी और बिगड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *