सीजी टीका ने कराई फजीहत अब मैन्युअल होगा रजिस्ट्रेशन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए अलग से बनाई गई सरकारी वेबसाइट सीजी टीका ने धोखा दे दिया है। इसमें पिछले कई दिनों से दिक्कतें आ रही थीं। आज तो वह वेबसाइट की ठप्प हो गई। टीकाकरण केंद्रों पर बवाल हुआ तो स्वास्थ्य विभाग ने वेबसाइट का संचालन करने वाली छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी (चिप्स) पर ठीकरा फोड़ा है। फिलहाल टीकाकरण केंद्रों पर मैन्युअल पंजीयन के आदेश दे दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के उप सचिव सुरेंद्र सिंह वाघे ने चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र भेजकर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने लिखा कि सीजी टीका पोर्टल ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है। इसकी शिकायतें सभी जिलों से आ रही हैं। इससे भी बुरी बात यह है कि इन समस्याओं पर बात करने के लिए चिप्स का कोई अधिकारी भी उपलब्ध नहीं है। उप सचिव ने लिखा, पिछले दो दिनों से आपको बार-बार कहा जा रहा है कि सर्वर की समस्या आ रही है। बेहतर होगा कि इस प्रोजेक्ट को चिप्स से एसडीसी के सर्वर पर रेप्लिकेट करके रखें, लेकिन खेद का विषय है कि चिप्स ने इस सबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। स्वास्थ्य विभाग के अनुरोध के बाद भी 24 घंटा और सातों दिन काम करने वाला हेल्पडेस्क भी नहीं बनाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने चिप्स से सभी समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया है।

फुलप्रूफ होने तक वेबसाइट से टीकाकरण नहीं
स्वास्थ्य विभाग ने चिप्स को लिखे पत्र में साफ कर दिया है कि व्यवस्थाओं के फुलप्रूफ होने तक वेबसाइट से टीकाकरण नहीं करने की जानकारी दी है। कहा गया है, जब तक व्यवस्था ठीक नहीं हो जाती मैन्युअल टीकाकरण ही होगा।

काम में जुटी चिप्स की टीम
प्रदेश भर से आ रही शिकायतों और सरकार में फजीहत के बाद चिप्स की टीम सक्रिय हुई है। चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समीर विश्नोई ने बताया, उनकी टीम दिक्कतों को दूर कर रही हैं। समस्या को खोज लिया गया है। जल्दी ही पोर्टल फिर से शुरू हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने कहा, इसी समस्या पर काम चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *