प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर चर्चा
रायपुर। कोरोना के बढ़ते मामलों की बीच रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने इस दौरान राज्य में कोरोना की स्थिति, नियंत्रण की कोशिशें और वैक्सीनेशन की जानकारी ली। इधर, मुख्यमंत्री में राज्य में वैक्सीन की कमी को पूरा करने के लिए केंद्र से पर्याप्त वैक्सीन की मांग की। इसके अलावा उद्योगों के लिए भी 20% आॅक्सीजन सप्लाई की बात कही। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि प्रदेश में टीके की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। इसकी वजह से इसकी वैक्सीनेशन की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तभी तेजी से वैक्सीन लगाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने उद्योगों की चिंता भी प्रधानमंत्री से साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आॅक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। केंद्र सरकार के आदेश का उत्पादन का 100 प्रतिशत मेडिकल सप्लाई के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में आॅक्सीजन पर आश्रित उद्योग बंद हो गए हैं। उन्होंने प्रदेश में उत्पादित आॅक्सीजन का 80 प्रतिशत अस्पतालों को और 20 प्रतिशत हिस्सा छोटे उद्योगों को उपलब्ध कराने की मांग की। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
