इंदौर में लोगों को एक साथ जागरूक करने निकल पड़े बीजेपी और कांग्रेस के नेता

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना संकट को देखते हुए बीजेपी और कांग्रेस एक हो गए हैं. लोगों को जागरूक करने के लिए दोनों पार्टियों के नेता एक साथ गांव-गांव घूम रहे हैं. नेताओं का कहना है कि ये समय राजनीति का नहीं, बल्कि एक होने का है. कोरोना महामारी ने चारों तरफ हाहाकार मचाया हुआ है. हमें इस बीमारी की चेन तोड़नी है.

देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विशाल पटेल और पूर्व भाजपा विधायक मनोज पटेल ने तय किया है कि वे कोरोना महामारी में सियासत भूल कर एक साथ गांव जाएंगे और कोरोना के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे. इन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ इसकी शुरुआत नेवरी गांव से की. इस दौरान वे चंदेर, बनेड़िया, खड़ोतिया गांव पहुंचे और लोगों से मुलाकात की. दोनों नेता एक ही गाड़ी से साथ रवाना हुए और गांव-गांव घूमे.

गौरतलब है कि इंदौर जिला कोरोनावायरस का गढ़ रहा है. हजारों लोग इस बीमारी से संक्रमित है. दोनों नेताओं ने जनता से अनुरोध किया कि डरने की बजाय इलाज करवाने की ज्यादा जरूरत है. आपकी बीमारी को दूर करने के लिए तथा कोरोना की चेन तोड़ने के लिए देपालपुर, गौतमपुरा और इंदौर का राधा स्वामी आइसोलेशन सेंटर तैयार किया गया है.

उन्होंने गांववालों को बताय कि हल्का बुखार, खांसी, सर्दी हो तो तुरंत सरकारी अस्पताल, आंगनवाड़ी या पंचायत भवन जाएं. यहां शासन ने इस बीमारी से बचाव के लिए दवाई की किट तैयार की है. अगर आप कोरोन पॉजिटिव हो जाएं तो आइसोलेशन सेंटर जाएं. क्योंकि घर में रहोगे तो संक्रमण बढ़ेगा. इसलिए इस बीमारी को छिपाए नहीं, बल्कि समय पर इलाज कराएं.

प्रदेश में कोरोना की रफ्तार में कमी आने आ रही है. संक्रमण के मामले में कभी  टॉप 5 राज्यों में शामिल एमपी (MP) अब 15वें नंबर पर है और प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 11.83 फ़ीसदी हो गया है. एक्टिव केस की संख्या 8087 पर आ गयी है और रिकवरी रेट में भी लगातार सुधार हो रहा है. प्रदेश में रिकवरी रेट 84.47 फ़ीसदी हो गया है.

मध्य प्रदेश में अब कोरोना टेस्ट की व्यवस्था में भी तेजी के साथ सुधार हो रहा है. तीन दिन पहले प्रदेश में रिकॉर्ड टेस्ट कराए गए हैं. 1 दिन में सबसे ज्यादा 68351 टेस्ट हुए हैं. इसके अलावा सरकार की तरफ से शुरू हुई टेलीमेडिसिन सेवा के जरिए 50,000 लोगों ने डॉक्टरों से परामर्श लिया है. सरकार का दावा है कि ग्रामीण इलाकों में भी हालात में तेजी के साथ सुधार हो रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *