पत्नी के कोविड इलाज के लिए पूर्व विधायक ने झारखंड सरकार से बकाया पेंशन मांगा

हजारीबाग 
हजारीबाग जिले के बरही विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राम लखन सिंह इन दिनों घोर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैँ। उनकी पत्नी कोरोना संक्रमण के कारण गंभीर रूप से बीमार हैं। वह रांची के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भरती हैं। उनके इलाज के लिए भी अब पूर्व विधायक के पास पैसे नही हैं। ऐसे में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर उनका दो महीने का बकाया पेंशन और धान बिक्री की बकाया राशि जल्द से जल्द देने की गुहार लगाई है। पूर्व विधायक को फरवरी के बाद पेंशन नहीं मिली है। यही नहीं उन्होंने चौपारण के बेला पैक्स में धान बेचा था जिसका आधा से अधिक पैसा, जो करीब एक लाख 39 हजार रुपये है, का भुगतान उन्हें नहीं मिला है।

पूर्व विधायक ने कहा है कि उन्होंने विधानसभा के सचिव और उपसचिव को पत्र लिखकर अपनी स्थिति से अवगत कराते हुए अतिशीघ्र बकाए पेंशन के भुगतान की मांग की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं दूसरी ओर धान की बकाया राशि भुगतान के लिए बेला पैक्स और जिला प्रबंधक से भी मांग की थी लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। मुख्यमंत्री से उन्होंने कहा है कि आईसीयू में भर्ती उनकी पत्नी के इलाज के लिए उन्हें पैसे की सख्त जरूरत है। अगर समय पर उन्हें पेंशन की राशि नहीं मिलती है और उनकी पत्नी कोरोना से जंग हार जाती हैं तो इसका कलंक उनकी सरकार पर लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *