एंबुलेंस से लेकर दवा तक मुहैया कराएंगे कार्यकर्ता: आप

 लखनऊ 
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोरोना महामारी से जूझ रही जनता को दिल्‍ली की तर्ज पर मदद मुहैया कराएंगे। बीमार लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्‍पताल पहुंचाने से लेकर हर जरूरतमंद के लिए दवा और भोजन का भी इंतजाम किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्‍यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक में यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन दौर में पार्टी के साथी लोगों की मदद के पुनीत अभियान में जुट जाएं। उन्‍होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिका‍री इस मुश्किल दौर में अपने संसाधनों से जरूरतमंदों की मदद करने का इंतजाम करें। इसके लिए कोई अपने क्षेत्र में ऑटो सेवा शुरू करके मरीजों को अस्‍पताल पहुंचाने का काम कर सकता है तो कोई जरूरतमंदों के लिए भोजन का इंतजाम करके कोरोना से जारी लड़ाई में अपना योगदान दे सकता है। 

संजय सिंह ने गंगा में उतराते शवों को लेकर ट्वीट के कारण रिटायर आईएएस सूर्य प्रताप सिंह पर मुकदमा दर्ज कराए जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि जो भी सच बोलने की हिम्‍मत करता है, सरकार उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज करा देती है। आम आदमी पार्टी सूर्य प्रताप सिंह के साथ खड़ी है। उन्होंने सूर्य प्रताप सिंह से उनके आवास पर उनसे मुलाकात भी की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह व प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल समेत सभी पदाधिकार शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *