मिजोरम के ऊर्जा मंत्री कोरोना वार्ड में साफ-सफाई करते नजर आये

    आइजोल

कोरोना की भयावह त्रासदी पूरा देश झेल रहा है. किसी अस्पताल में बेड नहीं है तो कहीं ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं है. इन तमाम खबरों के बीच कभी-कभी आंखों को सुकून देने वाली तस्वीरें भी सामने आ जाती हैं. ऐसी ही एक तस्वीर सामने आई है जब मंत्री खुद एक अस्पताल में पोछा लगा रहे हैं.

दरअसल, मिजोरम के ऊर्जा मंत्री आर लालजिरलियाना 11 मई को कोरोना से संक्रमित पाए गए थे. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब हॉस्पिटल के कोरोना वार्ड से लालजिरलियाना की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वे वार्ड में साफ-सफाई करते नजर आ रहे हैं.

इस फोटो को कई लोगों ने ट्वीट किया है. फोटो में दिख रहा है कि मंत्री अस्पताल की गाउन पहने हुए हैं और हाथ में पोछा लेकर अस्पताल के वार्ड का फर्श साफ कर रहे हैं. अस्पताल का नाम जोराम मेडिकल कॉलेज बताया जा रहा है.

पिछले दिनों आर लालजिरलियाना कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. वे अस्पताल में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं. हालांकि इस तस्वीर पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने ये भी कहा कि एक मरीज जब वार्ड में साफ-सफाई कर रहा तो अस्पताल प्रशासन कहां है.

दिलचस्प बात ये है कि लालजिरलियाना इससे पहले भी अपनी सादगी के लिए चर्चा में रहे हैं. एक बार वे दिल्ली के मिजोरम हाउस में भी साफ-सफाई करने लगे थे, जो काफी चर्चा में रहा था. फिलहाल वे अस्पताल में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *